|
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना
मध्यप्रदेश में अप्रैल 2006 से प्रारंभ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सरकार ने अब तक 60 हजार से अधिक कन्यादान का पुण्य कमाया है। मध्यप्रदेश सरकार ने यह कोशिश भी की कि समाज के हर तबके को सरकार की छुअन महसूस हो और जन्म देकर, लाल–पालन करने वाली मां जैसा स्पर्श, जिसमें ठंडक और राहत मिल सके। गरीब–गरीब के बीच भेजभाव खत्म करने के लिये ऐसी योजनाएं भी बनाकर लागू की जो सभी को एक जैसा लाभ दे रही है।
प्रदेश सरकार ने समाज के सभी तबकों के लोगों का आव्हान करते हुये आवाज दी कि आइए हम सब मिलकर बेटियों का कन्यादान संस्कार कर नारी जीवन को शक्ति और रक्षा प्रदान करें। आर्थिक तंगी से भरे जीवन में सयानी होती बिटिया के हाथ पीले करने की चिंता अब सरकार कर रही है। हर वर्ग के जरूरतमंद माता–पिता को उनकी बिटिया के कन्यादान में मध्यप्रदेश सरकार कन्यादान योजना से पूरा सहयोग दे रही है।
इस योजना में गरीब जरूरतमंद, नि:शक्त, निर्धन परिवारों को विवाह योग्य कन्या/विधव/परित्यक्ता के विवाह हेतु 5000/– और सामूहिक विवाह आयोजित करने वाले व्यक्ति अथवा संस्था को रूपये 1000/– प्रति कन्या विवाह के मान से शासन द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में सामूहिक कन्यादान कराने के लिये पंचायतें, नगरीय निकाय और पंजीकृत स्वैच्छिक संस्थाएं अधिकृत हैं। योजना का लाभ लेने के लिये अपने जिले के सामाजिक न्याय कार्यालय, जिला कलेक्टर को आवेदन दिया जाना होगा।
|